कर्ज लौटाने वाले 332 पटरी व्यवसायी फिर पाएंगे ऋण
- पूर्व में 1650 पटरी व्यवसायियों को मिला था दस हजार रुपये ऋण
- एक साल के भीतर 686 लोगों ने लौटा दिया था
शोभित कुमार पांडेय
संतकबीरनगर। पटरी व्यवसायियों को कारोबार आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत बैंक से ऋण दिए जाने की सुविधा दी गई है। इस योजना के तहत पूर्व में लिए कर्ज को लौटाने वाले 332 पटरी व्यवसायियों को फिर 20 हजार रुपये तक का ऋण दिए जाने का लक्ष्य शासन से मिला है। डूडा कार्यालय की ओर से इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।
कोरोना संक्रमण काल में आर्थिक रूप से कमजोर हुए पटरी व्यवसायियों के लिए शासन ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना संचालित की है। योजना के शुरुआत में पटरी व्यवसायियों को दस हजार रुपये का ऋण बैंकों से दिया गया। इसके पीछे शासन की मंशा है कि पटरी व्यवसायी बैंक से ऋण लेकर अपने कारोबार को सुदृढ़ कर सकें। इस योजन के तहत जिले में 1650 पटरी व्यवसायियों ने दस हजार रुपये ऋण लिया था। एक साल के भीतर 686 पटरी व्यवसायियों ने कर्ज बैंक को चुकता कर दिया था। अब शासन ने कर्ज लौटाने वाले 332 पटरी व्यवसायियों को 20 हजार रुपये तक का ऋण दिए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसमें एक साल के भीतर कर्ज लौटाना होता है। पीओ डूडा प्रमेंद्र सिंह बताते है कि महीने भर में यदि पटरी व्यवसायी छोटी- छोटी रकम करके बैंक को ऑनलाइन 200 ट्रांजक्शन करके कर्ज भरते है, तो उन्हें 100 रुपये का लाभ मिलता है। यदि 20 हजार रुपये तक का बैंक से कर्ज लेने वाले पटरी व्यवसायी रकम को लौटा देते हैं तो उन्हें 50 हजार रुपये का ऋण दिए जाने की सुविधा शासन की ओर से दी गई है। लीड बैंक मैनेजर से संपर्क स्थापित करके जिले को मिले 332 पटरी व्यवसायियों को 20 हजार रुपये का ऋण दिलाया जाएगा, जिससे पटरी व्यवसायी अपने कारोबार को आगे बढ़ा सकें। डीएम दिव्या मित्तल ने इस संबंध में कलेक्ट्रेट में बैठक भी की थी, जिसमें एडीएम, लीड बैंक के मैनेजर और सभी एसडीएम उपस्थित रहे। डीएम ने शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ पात्र पटरी व्यवसायियों को दिलाने के लिए संबंधितों को निर्देश दिए थे।