धनघटा। ब्लॉक मुख्यालय हैंसर बाजार में यूकेलिप्टस पेड़ों की नीलामी प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार को संपन्न हुई। अंतिम बोली 465500 राम सजन जायसवाल द्वारा लगाई गई।
ब्लॉक मुख्यालय हैंसर बाजार में 32 यूके लिप्टिस के पेड़ काफी पुराने जर्जर हो चुके हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। इसको दृष्टिगत रखते हुए ब्लॉक प्रशासन ने इसे नीलाम करने का निर्णय लिया। नीलामी प्रक्रिया के तहत सोमवार को ब्लॉक मुख्यालय पर प्रक्रिया शुरू हुई, जिसमें कुल सात लोगों ने पेड़ खरीदने की इच्छा जाहिर करते हुए निर्धारित प्रारूप पर अपना आवेदन ब्लॉक मुख्यालय पर जमा किया। निर्धारित प्रक्रिया के तहत पेड़ की न्यूनतम कीमत 4,50,000 निर्धारित की गई। जिसके ऊपर आवेदकों ने अपनी बोली लगाई जिसमें सर्वाधिक बोली 4,65,500 की राम सजन जायसवाल द्वारा लगाई गई, जिससे उनके टेंडर को स्वीकृत कर लिया गया। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी उमेश कुमार ओझा, एडीओ पंचायत हैंसर बाजार आनंद मोहन, एडीओ आईएसबी जितेंद्र सिंह, अवर अभियंता अलका श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।