-कई आवेदकों का निर्धारित तिथि पर नहीं हो सका टेस्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जनपद में एआरटीओ कार्यालय में सर्वर स्लो होने के वजह से लगभग 300 आवेदकों का लाइसेंस लटक गया है। सर्वर सही होने पर ही उनका लाइसेंस जारी हो सकेगा। इसकी वजह से कई आवेदकों का निर्धारित तिथि पर टेस्ट नही हो पाया। जिसकी वजह से उनको अगला स्लाट बुक कराने के लिए विवश होना पड़ा।
ड्राइविंग लाइसेंस के लिए जिले के तमाम लोगों ने अपना आवेदन किया था। विभागीय जानकारों की मानें तो पिछले कई दिनों से एआरटीओ कार्यालय का सर्वर काफी स्लो चल रहा है। जिसकी वजह से ड्राइविंग लाइसेंस बनने की प्रक्रिया काफी धीमी गति से चल रही है। जिन आवेदकों ने पहले से ही अपना स्लाट बुक करा लिया है वह टेस्ट के लिए आफिस पहुंच रहे हैं। जहां पर सर्वर स्लो होने के वजह से उनका काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है और उन्हें विवश होकर अगली तिथि का स्लाट बुक कराना पड़ रहा है। विभागीय जिम्मेदारों की मानें तो जिले में अभी तक लगभग 300 आवेदन लंबित चल रहे हैं। जिनका लाइसेंस बनाया जाना है।
एआरटीओ प्रियंवदा सिंह ने बताया कि सर्वर की समस्या के वजह से काम में दिक्कत आ रही है। एनआईसी से ही यह समस्या बनी है। जिसकी वजह से निर्धारित समयानुसार कार्य पूरा होने में परेशानी सामने आ रही है।