संतकबीरनगर। सुभासपा की महिला विंग की प्रदेश महासचिव नंदिनी राजभर की हत्या के मामले पुलिस ने रविवार देर रात पति अच्छेलाल की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को रात में गिरफ्तार भी कर लिया। एक आरोपी पहले से ही जेल में हैं। वहीं, सोमवार को नंदिनी के गांव जा रहे सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामअचल राजभर को पुलिस ने करीब चार घंटे तक डाक बंगले में नजरबंद रखा। इसको लेकर घंटों विरोध और हंगामा भी हुआ। नंदिनी का अंतिम संस्कार होने के बाद उन्हें परिजनों से मिलने दिया गया।
डीघा गांव निवासी अच्छेलाल राजभर ने पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने श्रवण पुत्र चन्द्रभान निवासी डीघा, उसके भाई ध्रुपचन्द्र, पन्नेलाल यादव पुत्र दुर्बल यादव निवासी भवरही थाना सहजनवा गोरखपुर, आनंद यादव निवासी खलीलाबाद और निर्मता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। श्रवण पहले से ही बालकिशुन मामले में जेल में है, रविवार देर रात पुलिस ने ध्रुप, पन्नेलाल और निर्मता को गिरफ्तार कर लिया।