संतकबीरनगर। जिला सेवायोजन कार्यालय, कौशल विकास मिशन एवं राजकीय आईटीआई के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को हीरालाल रामनिवास डिग्री काॅलेज परिसर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें 412 बेरोजगार युवकों ने भाग लिया। उनमें 293 युवाओं को विभिन्न कंपनियों में नौकरी मिली।
रोजगार मेले का उद्घाटन सदर विधायक के प्रतिनिधि सत्य प्रकाश मिश्रा उर्फ दद्दू एवं पीयूष मिश्रा दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिला सेवा योजन अधिकारी शैलेंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि निजी क्षेत्र की कॅरियर ब्रिज स्किल साल्यूशन, बीकेटी टायर्स, ब्राइट फ्यूचर आर्गेनिक हर्बल्स, टंबलड्राई साल्यूशन, होली हर्ब्स काम, यस-7 सेनेटरी पैड एवं भारतीय जीवन बीमा निगम ने हिस्सा लिया। रोजगार मेले में 412 बेरोजगार प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसमें कॅरियर ब्रिज स्किल साल्यूशन में लाइन ऑपरेटर, एसोसिएट ऑपरेटर, हेल्पर के पद पर 73 अभ्यर्थी, बीकेटी टायर्स में लाइन ऑपरेटर, मशीन ऑपरेटर के पद पर 55, ब्राइट फ्यूचर आर्गेनिक हर्बल्स में एरिया ऑफिसर एवं अन्य के पद पर 35, होली हर्ब्स काम में ब्रांच मैनेजर एवं अन्य पद पर 32, टंबलड्राई में मशीन ऑपरेटर के पद पर 31, यस-7 सेनेटरी पैड में मशीन ऑपरेटर/मार्केटिंग के पद पर 38 एवं भारतीय जीवन बीमा निगम के अभिकर्ता के पद पर 29 प्रतिभागियों का चयन किया गया। रोजगार मेले में कुल 293 प्रतिभागियों का चयन हुआ। इस अवसर पर हीरालाल राम निवास डिग्री कॉलेज के प्राचार्य ब्रृजेश कुमार त्रिपाठी, नोडल प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई उदय नारायण, प्रो. विजय कृष्णा ओझा, प्लेसमेंट प्रभारी अमित रावत, संदीप गौड़, फोरमैन राम अवध राम एवं अशोक लाल आदि मौजूद रहे।