संतकबीरनगर। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 31 मई को होगी। सात केंद्रों पर 2318 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए डीएम आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। मजिस्ट्रेटों, केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों के साथ परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की गई।
डीएम ने बताया कि जनपद के कुल सात परीक्षा केंद्रों पर 2318 अभ्यर्थी बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर दो से शाम पांच बजे तक संपन्न होगी। उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दोनों पालियों में अभ्यर्थियों का प्रवेश परीक्षा प्रारंभ होने से एक घंटा पहले शुरू कर दिया जाएगा, जबकि परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र की दो प्रतियां, एक अतिरिक्त पासपोर्ट साइज फोटो तथा एक वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच अथवा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश त्रिपाठी, डीसी एनआरएलएम प्रवीण शुक्ला, अपर उप जिलाधिकारी संजीव राय, वरिष्ठ कोषाधिकारी त्रिभुवन लाल, समन्वयक प्रो. प्रताप विजय कुमार आदि उपस्थित रहे।