धनघटा। क्षेत्र के ग्राम बकौली कला गांव में सोमवार की रात अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ खाने से युवती की जिला अस्पताल में मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम बकौली कला निवासी 22 वर्षीय नीलम पुत्री हीरालाल सोमवार की शाम जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ देर बाद घर पर मौजूद युवती की हालत बिगड़ने लगी। घर के परिजन इलाज के लिए सीएचसी हैंसर लेकर गए। युवती की हालत गंभीर देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां इलाज के कुछ देर बाद युवती ने दम तोड़ दिया। अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक धनघटा राम कृष्ण मिश्र ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। संवाद