संतकबीरनगर। समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष दयाराम प्रजापति ने पिछड़ी जाति के लोगों का आह्वान किया कि वे एकजुट रहें और भाजपा से सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि भाजपा पिछड़ी जातियों की भागीदारी को कम करने का प्रयास कर रही है।
रविवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय पर पिछड़ा वर्ग सम्मेलन में उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग सम्मेलन का आयोजन का उद्देश्य पिछड़ी जातियों के साथ हो रहे अन्याय को उजागर करना है। उन्होंने कहा कि 54 प्रतिशत भागीदारी वाली पिछड़ी जातियों केे 27 प्रतिशत आरक्षण मिला है। केंद्र की सरकार उस 27 प्रतिशत आरक्षण को भी समाप्त करने की योजना बना रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछड़ी जातियों की तस्वीर व तकदीर को बदलने का वादा किया था। चार साल हुकूमत के बाद भी अभी तक पिछड़ी जातियों के हक में कुछ नहीं किया गया। उन्होंने पिछड़ी जाति के लोगों से 2019 के चुनाव में बहकावे में नहीं आने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ओबीसी की गणना की योजना बना रही है। इस योजना को किसी भी दशा में समाजवादी पार्टी सफल नहीं होने देगी। जब 2011 में गणना पूर्ण कर ली गई है तो अब दोबारा अरबों रुपये खर्च कर गणना कराने का क्या औचित्य है? उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार सिर्फ आदेश और उद्घाटन का काम कर रही है।
उत्तर प्रदेश में सभी जातियां लामबंद हो गई हैं और समाजवादी पार्टी उनके साथ है। उन्होंने योगी और मोदी पर झूठ बोलने का आरोप लगाया। कहा कि भाजपा भ्रामक प्रचार-प्रसार कर पूरे प्रदेश में बिखराव करवाना चाहती है। सम्मेलन को पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा, रामकिशुन राजभर, बीएल चौहान, लोटन प्रसाद, एमएलसी रामजतन राजभर आदि ने भी संबोधित किया।
पिछड़ा वर्ग के जिलाध्यक्ष श्याम जी विश्वकर्मा ने आभार जताया। इस अवसर पर पूर्व विधायक अब्दुल कलाम, अलगू चैहान, जिलाध्यक्ष गौहर अली खां, महासचिव राजमन यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष यादव, वरिष्ठ नेता जयराम पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष लोरिक यादव, सैय्यद फिरोज अशरफ, रमेश चंद्र यादव, मोहम्मद अहमद, रामदरश यादव, वेद प्रकाश यादव, नसीम अंसारी, जावेद अहमद, महेश गुप्ता, मनोज यादव आदि मौजूद रहे।