- जिला अस्पताल में 100 से अधिक मरीज वायरल से पीड़ित पहुंचे
- बच्चे और बुजुर्ग सुबह-शाम पहले हल्के गर्म कपड़े
संतकबीरनगर। नवंबर में बदलते मौसम का असर लोगों की सेहत पर पड़ने लगा है। जिला अस्पताल में वायरल संक्रमण में आने वाले 20 फीसदी मरीजों की संख्या बढ़ी है। ऐसे मरीजों की ब्लड जांच के बाद ही दवा दी जा रही है। बुखार के साथ ही खांसी, सर्दी और जुकाम जकड़ रहा है। चिकित्सक हल्के गर्म कपड़े पहनने और गुनगुने पानी के सेवन की सलाह दे रहे हैं।
जिला अस्पताल में शनिवार को 100 से अधिक मरीज वायरल से पीड़ित होकर पहुंचे। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि बदलते मौसम में लोगों की लापरवाही या दिनचर्या में थाेड़ा परिवर्तन लाेगों को परेशान कर रहा है। मौसम के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में आठ डिग्री तक अंतर हो गया है। गिरते पारे में लोगों को अपनी सेहत पर ध्यान देना चाहिए। ठंडे पानी का सेवन न करें। बच्चों और बुजुर्गाें को सुबह-शाम हल्के गर्म कपड़े पहनने चाहिए, जिससे ठंड का असर कम रहेगा। बताया कि संक्रमण का असर तीन से पांच दिन हो रहा है। इसके बाद भी बुखार कम नहीं होने पर ब्लड की जांच की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर मरीज को दवा दी जा रही है।