नौ ने दी कोरोना को मात, दो मिले पॉजिटिव
अब तक 8122 लोग मिल चुके हैं पॉजिटिव
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। बुधवार को आई रिपोर्ट में जहां दो व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, वहीं, नौ और लोग कोरोना को मात देकर स्वस्थ हो गए हैं। पाजिटिव मिले लोगों को होम आइसोलेशन में भेज दिया गया है। अब तक जिले में 8122 लोग पॉजिटिव मिल चुके हैं। इसके साथ ही स्वस्थ होने वालों की संख्या 7976 पहुंच गई है। जिले में 56 एक्टिव केस हैं।
अपर सीएमओ डॉ. मोहन झा ने बताया कि बुधवार को जिले में दो लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। दोनों हैंसर ब्लॉक के निवासी हैं। 90 संक्रमितोें की मौत हो चुकी है। इसके साथ ही 1588 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 1306 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है। बुधवार को नौ लोग स्वस्थ हुए हैं। अपर सीएमओ ने बताया कि जो लोग कोरोना पॉजिटिव मिल रहे हैं अगर वह पहले से किसी बीमारी से पीड़ित हैं तो उन्हें एलटू अस्पताल में भर्ती करा दिया जा रहा है। जिन्हें कोई बीमारी नहीं है तो उन्हें होम आइसोलेट कर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोग सामाजिक दूरी का पालन करें और बिना मास्क के बाहर न निकलें।