हल्की बरसात और ठंड से जन जीवन अस्त व्यस्त
फोटो
रुक-रुक कर हुई बरसात से शहर में कई जगह कीचड़ व जलजमाव से बढ़ी परेशानी
बारिश से किसान खुश, दूर हुई गेहूं के सिंचाई की चिंता
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। मंगलवार की रात व बुधवार को दिन में रुक-रुक कर हल्की बारिश होती रही। बारिश और सर्द हवा के चलते ठंड का प्रभाव बढ़ गया। खलीलाबाद शहर में कई जगह सड़कों पर कीचड़ व पानीभराव होने से लोगों को आवागमन में दिक्कत हुई। यह बारिश गेहूं की फसल के लिए लाभदायक माना जा रहा है।
मंगलवार की रात करीब 11 बजे से जिलेभर में हल्की बारिश हो रही है। बुधवार सुबह एक बार आकाश साफ हुआ और सूरज की चमक के साथ मौसम सामान्य होने का अनुमान लगा, लेकिन कुछ ही देर में हवा के साथ फिर बूंदाबांदी शुरू हो गई। पूरे दिन कभी बूंदाबांदी तो कभी हल्की बारिश होती रही। प्रमुख चौराहों, सड़कों व कई मोहल्लों में कीचड़ व पानी भराव होने से आवागमन में दिक्कत हुई। जिला अस्पताल गेट, मुखलिसपुर चौराहा, सीएमओ कार्यालय समेत कई स्थानों पर बारिश का पानी व कीचड़ जमा हो गया। शहर निवासी दिनेश कुमार ने कहा कि हल्की बारिश में ही नगर पालिका परिषद के जल निकासी व्यवस्था की पोल खुल गई है।
गेहूं की फसल को मिली संजीवनी
ओस कम गिरने के चलते किसान गेहूं की फसल की सिंचाई के लिए चिंतित थे। तमाम किसान पंपिंग सेट चलाकर फसलों की सिंचाई कर रहे थे। किसानों का कहना है कि हल्की बारिश से फसल को बहुत फायदा मिला है। हालांकि सरसों व आलू की फसल को थोड़ा नुकसान पहुंचा है। बखिरा प्रतिनिधि के अनुसार मंगलवार की रात व बुधवार को दिन में हुई बारिश से किसान खुश हैं। किसान रामरूप, खेलावन, जगतराम आदि का कहना है कि गेहूं की फसल को पानी की जरूरत थी। इस बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी आ गई है।
मंगलवार की रात और बुधवार को दिन में कटी बिजली
धनघटा क्षेत्र के 100 से अधिक गांवों में 24 घंटे से आपूर्ति ठप
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। खराब मौसम का असर बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा। खलीलाबाद कस्बे में मंगलवार रात 11 बजे के बाद कई मोहल्ले में आपूर्ति बाधित हो गई। बुधवार दिन में भी कुछ मोहल्लों में बिजली गुल रही। इसके अलावा धनघटा क्षेत्र में 100 से अधिक गांवों में पिछले 24 घंटे से सप्लाई ठप है।
मंगलवार की रात करीब 11 बजे तेज गरज-चमक और हवा के साथ बरसात शुरू हुई। इसके चलते पुरानी तहसील, पठान टोला, मड़या, तितौवा आदि मोहल्लों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कुछ देर बाद आपूर्ति शुरू हुई, लेकिन खराब मौसम के चलते फिर कट गई। बुधवार को दिन में भी शहर के कई मोहल्लों में सुबह नौ से शाम चार बजे तक आपूर्ति बाधित रही। हैंसर प्रतिनिधि के अनुसार मंगलवार की शाम को चली तेज हवा के चलते धनघटा क्षेत्र के करीब 100 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बुधवार की शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी। धनघटा तहसील मुख्यालय समेत करीब 300 गांवों में विद्युत उप केंद्र मुखलिसपुर से विद्युत सप्लाई होती है। मंगलवार की शाम को हवा के साथ बारिश शुरू होते ही प्रजापतिपुर, गोपीपुर, डेफरा, माधोपुर, सेमरडाड़ी, बंडा बाजार, धनघटा, सलाहाबाद, रुपिन, सुरैना, बकौली कला, नावन खुर्द, शनिचरा बाजार, पोखरा समेत करीब 100 गांवों की बिजली गुल हो गई।
विद्युत उपकेंद्र मुखलिसपुर के जूनियर इंजीनियर मिथलेश शाह का कहना है कि कई जगह तार टूट गए हैं, जिन्हें सही कराया जा रहा है।