देश को न तो राम मिले और न ही किसानों को उचित दाम
भुजैनी में किसान राष्ट्रीय किसान परिषद की सभा में बोले प्रवीण तोगड़िया
केंद्र सरकार के खिलाफ 183 किसान संगठन करेंगे आंदोलन
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। नरेंद्र मोदी सरकार ने राम मंदिर मामले में देश के हिंदुओं का विश्वास तोड़ा है। इस सरकार ने किसानों और युवाओं के साथ छल किया है। लोगों ने राम मंदिर, किसानों को फसलों का दाम और युवाओं को काम देने वाली सरकार के लिए भाजपा को वोट दिया था, लेकिन पांच वर्ष में न तो देश को राम मिले, न किसानों को दाम मिला और न ही युवाओं को काम मिला। ये बातें राष्ट्रीय किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने भुजैनी में आयोजित सभा में कहीं।
राष्ट्रीय किसान परिषद की सभा में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए डॉ. तोगड़िया ने कहा कि केंद्र की लुटेरी सरकार के खिलाफ देशभर के 183 किसान संगठन आवाज उठाएंगे। इस लड़ाई को अपनी लड़ाई समझकर लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि मैं खुद किसान परिवार से हूं। मेरी मां ने मुझे दूध बेचकर डॉक्टर बनाया था और मैंने पिता के साथ खेत में हल चलाया है। इसलिए मैं किसानों का दर्द बखूबी जानता हूं। उन्होंने कहा कि जनता ने इस सरकार पर जितना भरोसा किया था, वह टूट चुका है। सरकार अब केवल झूठ और अफवाह फैला रही है। किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए देशभर के 183 किसान संगठन एकमत हैं और केंद्र सरकार के खिलाफ व्यापक संघर्ष किया जाएगा। इस दौरान राष्ट्रीय किसान परिषद से जुड़े पदाधिकारी व आसपास के गांवों के तमाम किसान मौजूद रहे।