नाली निर्माण में मानक का उल्लंघन, कार्य रोका गया
- फोटो सहित
अमर उजाला ब्यूरो
मेंहदावल। बीडीओ के निर्देश पर एपीओ मेंहदावल योगेंद्र पांडेय ने इमलीडीहा ग्राम पंचायत में बन रहे पक्की नाली निर्माण कार्य की सोमवार को जांच की। उन्होंने निर्माण कार्य में दोयम दर्जे के ईंट का प्रयोग देखकर कार्य रोकने के निर्देश दिए।
मेंहदावल ब्लॉक के टड़वरिया गांव निवासी रामउजागिर मिश्र नेे 29 अक्टूबर को एसडीएम जसधीर सिंह यादव को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया था कि उनका खेत इमलीडीहा ग्राम पंचायत केे राजस्व गांव मरवटिया में है, जहां ग्राम प्रधान जबरन नाली निर्माण करा रहे हैं। शिकायतकर्ता ने मामले की जांच कराकर कार्य रोकने की मांग की थी। एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ मेंहदावल को निर्देशित किया कि स्थलीय निरीक्षण कर मामले का हल कराएं। सोमवार को शिकायतकर्ता संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत लेकर पहुंच गए। शिकायत सुन रहे एडीएम ने बीडीओ को तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बीडीओ ने एपीओ योगेंद्र पांडेय को जांच के लिए मौके पर भेजा। जांच के दौरान एपीओ ने नाली निर्माण में दोयम दर्जे की ईंट के प्रयोग को देखते हुए कार्य रोकने के निर्देश दिए। इसके अलावा दोनों पक्षों को राजस्व विभाग से जमीन की पैमाइश कराने की सलाह दी। इस संबंध में एपीओ योगेंद्र पांडेय ने बताया कि पक्की नाली का निर्माण मानक विहीन था। इसलिए कार्य रोकते हुए मानक के अनुसार कार्य कराने के निर्देश दिए गए। जांच आख्या बीडीओ को दी जाएगी।