अध्यक्ष के नौ, उपाध्यक्ष के पांच, महामंत्री के छह पर्चे बिके।
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। एचआरपीजी कालेज खलीलाबाद में छात्रसंघ चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। बृहस्पतिवार को नामांकन पत्रों की ब्रिकी के पहले दिन कुल 24 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदा। शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके लिए महाविद्यालय प्रशासन ने तैयारियों पूरी कर ली है।
छात्रसंघ के चुनाव अधिकारी डॉ. विजय प्रताप व डॉ. विजय कृष्ण ओझा ने बताया कि पहले दिन कुल 24 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदा है, जिसमें अध्यक्ष पद के लिए नौ, उपाध्यक्ष पद के लिए पांच, महामंत्री पद के लिए छह, पुस्तकालय मंत्री पद के लिए दो तथा वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि के लिए दो पर्चे शामिल है।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को भी संभावित दावेदार नामांकन पत्र खरीदकर निर्धारित समय में दाखिल कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि नामांकन के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। दूसरी तरफ छात्रसंघ चुनाव के मद्देनजर पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो रहा है। सीओ सदर रमेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस कर्मी दिनभर महाविद्यालय पर मुस्तैद दिखे। शाम के समय भी पुलिस की सक्रियता बनी रही, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न होने पाए।