संतकबीरनगर। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थि कलश यात्रा 25 अगस्त को जिले में आएगी। यह जानकारी भाजपा के मीडिया प्रभारी धनंजय पांडेय ने दी है। उन्होंने बताया कि अस्थि कलश यात्रा सांथा ब्लाक के गोइठहां में सुबह 11 बजे पहुंचेगी।
वहां से यात्रा शुरू होकर सांथा बाजार में आएगी, जहां आम लोगों के साथ कार्यकर्ता स्वागत दर्शन करेंगे। इसके बाद मेंहदावल, बखिरा, बघौली में भी लोग अस्थि कलश यात्रा का स्वागत दर्शन करेंगे। यह यात्रा खलीलाबाद बाईपास होते हुए गोलाबाजार पहुंचेगी, जहां दोपहर एक बजे से सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा होगी।
इसके बाद कांटे मंडल के कांटे चौराहे पर स्वागत दर्शन के उपरांत बस्ती जिले के पदाधिकारियों को अस्थि कलश सौंप दिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं व आम लोगों का आह्वान किया कि अस्थि कलश यात्रा और सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंच कर अटल जी को श्रद्धासुमन अर्पित करें।