जिला अस्पताल में मरीजों की लगी लाइन।
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। गर्मी और उमस के चलते डायरिया के मरीजों की संख्या में बेतहाशा इजाफा हुआ है। सोमवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय की ओपीडी में करीब 1900 मरीज इलाज के लिए आए थे, जिनमें सर्वाधिक डायरिया से पीड़ित थे। जिनकी हालत गंभीर थी, उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। शेष को दवा देकर घर भेजा गया।
जिले में पिछले चार दिन से गर्मी व उमस है। बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है। इसका असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ने लगा है। संयुक्त जिला अस्पताल के ओपीडी में हर दिन औसतन 1200 मरीज आते हैं, लेकिन सोमवार को यह संख्या में 1900 पहुंच गई। इनमें से करीब पांच सौ से अधिक मरीज तो केवल उल्टी-दस्त के थे। बीमार लोगों में बच्चों से लगायत बुजुर्ग तक शामिल थे। ओपीडी में डॉक्टरों के चैंबर के आगे मरीजों की लंबी लाइन लगी रही।
संयुक्त जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. ओपी चतुर्वेदी का कहना है कि मौसम का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। अत्यधिक उमसभरी गर्मी के कारण डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ी है। डॉक्टर चतुर्वेदी का कहना है कि ऐसे में मौसम में चिकनाईयुक्त और बासी भोजन नहीं करना चाहिए।
विधियानी वार्ड में सफाई के लिए ईओ को भेजा पत्र
संतकबीरनगर। सीएचसी खलीलाबाद के अधीक्षक डॉ वीपी पांडेय ने नगर पालिका प्रशासन को पत्र लिखकर विधियानी वार्ड में सफाई और दवा का छिड़काव कराने को कहा है। अधीक्षक ने बताया कि नगर पालिका खलीलाबाद के वार्ड नंबर 25 विधियानी की रहने वाली 18 वर्षीया आसमा पुत्री मुनव्वर अली की पिछले दिनों उल्टी दस्त के चलते मौत हो गई थी। विधियानी नगरीय क्षेत्र में होने के कारण वहां पर सभी तरह के निरोधात्मक कार्रवाई कराई जाए। इसमें नालियों की सफाई, टेंफास लार्वी साइडरल का छिड़काव व फागिंग कराने के अलावा स्वच्छ पानी की सप्लाई जरूरी है।