सेमरियावां में बिना मैपिंग वाले मतदाताओं के जारी एसआईआर नोटिस का दस्तावेज अपलोड करते एईआरओ-संवा
सेमरियावां। मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) में बिना मैपिंग वाले मतदाताओं के जारी नोटिस पर दस्तावेज अपलोड कराने के लिए सेमरियावां ब्लाॅक परिसर में काउंटर बना दिया गया है। बुधवार को 176 बिना मैपिंग वाले मतदाता नोटिस लेकर पहुंचे और दस्तावेज अपलोड कराया।
मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) में बिना मैपिंग वाले मतदाताओं का नोटिस प्रिंट होने लगा है। अब बीएलओ नोटिस लेकर बिना मैपिंग वाले मतदाताओं के घर जाएंगे। नोटिस में मतदाताओं को निर्धारित स्थान व तिथि दर्ज रहेगी, जिसमें मतदाताओं को एईआरओ के समक्ष प्रस्तुत होकर अपने बारे में बताने के लिए बुलाया जाएगा। ऐसी स्थिति में लोगों को पहले से ही दस्तावेज तैयार रखने में सुविधा होगी ताकि दस्तावेज अपलोड हो सके। भारत निर्वाचन की ओर से नोटिस बांटने और सुनवाई के माध्यम से निर्वाचन अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
सेमरियावां में बिना मैपिंग वाले बूथ संख्या 141से150 तक 243 मतदाता और बूथ संख्या 179 से 180 में 19 व बूथ संख्या 181 से 189 तक में 173 मतदाता मिला कर कुल 435 बिना मैपिंग वाले मतदाताओं को नोटिस दिया गया है। क्योंकि इनकी मैपिंग 2003 की मतदाता सूची से नहीं हुई है। ऐसे मतदाताओं में जिन लोगों के दस्तावेज जमा होंगे, उनके नाम सूची में शामिल हो जाएंगे।एक जुलाई 1987 से पहले जन्मतिथि वाले मतदाताओं को स्वयं के दस्तावेज देने होंगे, जबकि उसके बाद जन्म लेने वाले मतदाताओं को माता-पिता में किसी एक के दस्तावेज जमा करने होंगे। 2 दिसंबर 2004 के बाद जन्म लेने वाले मतदाताओं को अपने माता पिता के दस्तावेज भी जमा करने होंगे। बुधवार को एडीओ पंचायत राधेश्याम चौधरी के देखरेख में एईआरओ सुनील कुमार रौनियार ने 176 मतदाताओं का दस्तावेज अपलोड किया गया है। एडीओ पंचायत राधेश्याम चौधरी ने बताया कि बिना मैपिंग वाले मतदाता नोटिस के साथ पहुंच कर दस्तावेज अपलोड कराएं। दस्तावेज नोटिस पर अंकित किया गया है। उसमें से कोई एक दस्तावेज लाना होगा। बिना मैपिंग वाले मतदाता को दस्तावेज के साथ स्वयं को भी आना होगा। दस्तावेज के साथ ही एईआरओ के साथ फोटो भी अपलोड किया जाता है। इसमें लापरवाही न बरतें। सभी लोग जागरूक बनें।