मेंहदावल। अधिवक्ता हाल में बुधवार को तहसील बार एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ताओं ने बैठक कर साथी वकील के साथ 20 दिन पूर्व हुए दुर्व्यवहार के मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने पर रोष जताया। उसके बाद अधिवक्ताओं ने एसडीएम कार्यालय पहुंच कर घेराव किया। कार्रवाई नहीं होने पर कार्य बहिष्कार जारी रखने की चेतावनी देते हुए मांग पत्र दिया।
14 सितंबर को बखिरा क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने अधिवक्ता जनार्दन पांडेय के साथ दुर्व्यवहार किया था। तहसील परिसर में उन्हें जानमाल की धमकी दी थी। तभी से अधिवक्ता नाराज चल रहे हैं। एसडीएम के संज्ञान में मामले को लाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। एसडीएम ने आरोपी के विरुद्ध शांति भंग की आशंका में की गई कार्रवाई का जमानत पत्र निरस्त करते हुए वारंट जारी किया गया है। वही बखिरा पुलिस आरोपी को अब तक नही पकड पाई। इसी वजह से अधिवक्ताओं ने पहले बैठक की और फिर अनिश्चित कालीन न्यायिक कार्य बहिष्कार का निर्णय लेते हुए एसडीएम कोर्ट में बैठे एसडीएम का घेराव किया। अधिवक्ताओं ने कहा कि वकील के साथ हुए दुर्व्यवहार के मामले में अब तक आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई न होना गंभीर मामला है। इसके लिए बखिरा थानाध्यक्ष को तलब करते हुए विधि संगत कार्रवाई की जानी चाहिए। एसडीएम ने अधिवक्ताओं को पूर्ण सुरक्षा देने के साथ ही आरोपी के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया। इस दौरान तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश त्रिपाठी, गोपाल राय, दिलीप कुमार भट्ट, वीडी राय, राजन तिवारी, राजकुमार, दिवाकर भारती, अरविंद चौधरी, विनोद राव, सुरेश सिंह, गोपाल गुप्ता, मुरारी यादव, उदयराज सिंह, वीरेंद्र राय, मिठाईलाल यादव, रामकरन, रामकुमार यादव, मातबर पांडेय, ज्ञानेंद्र पांडेय आदि मौजूद रहे।