रोडवेज बस से साढे़ तीन क्विंटल खोवा बरामद
फोटो
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने की कार्रवाई
परिवहन विभाग के एआरएम से मांगी गई सूचना
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने रविवार की सुबह मेंहदावल बाईपास के पास से रोडवेज की बस से साढ़े तीन क्विंटल खोवा, एक बोरा बूंदी बरामद किया। टीम ने सभी सामानों को जब्त कर लिया। सामान बुक कराने वाली संस्था के नाम-पता की जानकारी के लिए परिवहन विभाग के एआरएम को पत्र भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की अभिहित अधिकारी मंजूषा सिंह ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजमणि प्रजापति ने मेंहदावल बाईपास के पास परिवहन निगम की बांदा डिपो की एक बस को रोका और उसकी चेकिंग की। इस दौरान बस में भारी मात्रा में खाद्य पदार्थ मिले। बस परिचालक और चालक खाद्य पदार्थ के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पाए। खाद्य पदार्थ जिसने बस में लादा था, वह फरार हो गया था। टीम ने सभी सामानों को बस से उतरवा लिया। जांच में छह डलिया खोवा करीब साढे़ तीन क्विंटल, दो बोरा चीनी चूरा, एक बोरा बूंदी, तीन टीन जेली सुगर बरामद हुआ।