संतकबीरनगर। शहर के पीबी गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य पर अनियमितता का आरोप लगाते हुए विद्यालय प्रबंध समिति ने उन्हें पद से हटा दिया। उनकी जगह विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक को कार्यवाहक प्रधानाचार्य बनाया गया है।
विद्यालय के प्रबंधक पवन कुमार ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि एक जुलाई 2014 को समाज शास्त्र की प्रवक्ता अरूधंती को कार्यवाहक प्रधानाचार्य बनाया गया था। तब से विद्यालय में विभिन्न निधियों में हुई गंभीर अनियमितता, विकास शुल्क की धनराशि छात्राओं से वसूल कर संबंधित बैंक खाते में न जमा करना, टीसी पर अवैध वसूली करना, बोर्ड परीक्षा के पारिश्रमिक धनराशि को अपने खाते में जमा कर लेना जैसी अनेक अनियमितता पाई गई है। जिसकी जांच के लिए प्रबंध समिति के संयोजकत्व में 26 मई 2019 को जांच समिति का गठन किया था। जांच समिति के पत्र व्यवहार के बाद भी उन्होंने अभिलेख उपलब्घ नहीं कराए। प्रधानाचार्य अरूधंती के गलत व्यवहार के कारण विद्यालय की छात्र संख्या लगातार घटती रही। वर्ष 2013 में विद्यालय की छात्र संख्या 1400 थी और वर्तमान में 500 हो गई है। जो चिंता का विषय है। इनके कार्यकाल में विद्यालय का माहौल काफी खराब हो गया है। जांच कार्य की पारदर्शिता को देखते हुए कार्यवाहक प्रधानाचार्य अरूधंती को उनके पद से मुक्त कर दिया गया है। उनकी जगह पर विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षक लीलावती बर्नवाल कार्यवाहक प्रधानाचार्य नियुक्त किया गया है। इस संबंध में कार्यवाहक प्रधानाचार्य अरूधंती ने बताया कि उनके ऊपर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद है। वह जांच समिति को सभी अभिलेख उपलब्ध करा देंगी।