कलेक्ट्रेट में सभासद पद के लिए नामांकन पत्र खरीदते लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूूराो
संतकबीरनगर। जिले के चारों निकायों के लिए बुधवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। अध्यक्ष पद के लिए 14 लोगों ने कुल 24 नामांकन पत्र खरीदे। सभासद के 126 उम्मीदवारों ने 148 पर्चा लिया। पहले दिन किसी ने नामांकन नहीं किया। हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रही।
नगर पालिका परिषद खलीलाबाद और नगर पंचायत मगहर के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए जाने की व्यवस्था कलेक्ट्रेट की गई है। नगर पालिका खलीलाबाद के अनारक्षित अध्यक्ष पद के लिए कुल पांच लोगों ने सात पर्र्चे लिए। इनमें नुरुल इस्लाम, मेहरुन्निशा पत्नी लाल मोहम्मद, अजीत सिंह यादव, प्रहलाद वर्मा और पवन छापड़िया शामिल हैं। यहां कुल 25 वार्डों में सभासद के लिए 64 लोगों ने 82 नामांकन पत्र खरीदे। नगर पंचायत मगहर में अध्यक्ष पद पिछड़ी जाति महिला के लिए आरक्षित है। यहां अध्यक्ष पद के लिए बेबीतरन्नुम ने दो सेट में पर्चा लिया। जबकि 13 वार्डों के लिए कुल 42 लोगों ने पर्चा खरीदा।
हैंसर प्रतिनिधि के अनुसार, नगर पंचायत हरिहरपुर के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए जाने की व्यवस्था धनघटा तहसील में की गई है। यहां अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। यहां अध्यक्ष पद के लिए अजय कुमार ने दो सेट में और सुभावती ने एक सेट पर्चा लिया। जबकि दस वार्डों में सभासद के लिए विद्यावती ने चार सेट और वीरेंद्र कुमार ने दो सेट पर्चा लिया। यहां सभासद पद के दो प्रत्याशियों ने कुल छह सेट पर्चा लिया।
मेंहदावल प्रतिनिधि के अनुसार नगर पंचायत मेंहदावल में नामांकन पत्र दाखिल किए जाने की व्यवस्था तहसील में की गई है। यहां अध्यक्ष पद पिछड़ी जाति महिला के लिए आरक्षित है। अध्यक्ष पद के लिए छह लोगों ने कुल 12 पर्चा लिया है। इनमें निवर्तमान चेयरमैन मोती जायसवाल की पत्नी प्रमिला देवी, पूर्व सभासद मैनुलहक की पत्नी साजिया खातून, खलीसुन्निशा पत्नी कौसर अली, ऋषावी देवी पत्नी गब्बू लाल, पूनम पत्नी दीनानाथ और रेनू पत्नी आशीष कुमार शामिल हैं। एडीएम एसएन शुक्ल ने बताया कि पहले दिन कोई नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ है। चारों निकायों में अध्यक्ष पद के लिए 14 और सभासद पद के लिए 126 लोगों ने पर्चा लिया है। सुरक्षा के मद्देनजर सभी जगह पुलिस मुस्तैद रही।