जिले में मिले 13 कोरोना संक्रमित
- सभी को होम आइसोलेशन में भेजा गया, छह लोग हुए स्वस्थ
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले में बुधवार को 13 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इन सभी को होम आइसोलेशन में भेजा गया है। इसके साथ ही होम आइसोलेशन में इलाज करा रहे छह लोग स्वस्थ्य भी हुए हैं। सीएमओ ने सभी से मास्क लगाने और सामाजिक दूरी के पालन की अपील की है।
सीएमओ डॉ. इंद्रविजय विश्वकर्मा ने बताया कि बुधवार को मिली रिपोर्ट में 13 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसमें खलीलाबाद में दो, नाथनगर में एक, हैंसर में एक, सांथा में एक और अन्य जिले के आठ लोग शामिल हैं। इन सभी को होम आइसोलेशन में भेजा गया है। इन सभी की निगरानी स्वास्थ्य विभाग की टीम कर रही है। उन्होंने कहा कि अब तक दो वर्षों में जिले में 8865 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं और 8,480 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। इसके साथ ही 98 लोगों की मौत हो चुकी है। 627 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार है।