संतकबीरनगर। क्षेत्र के भरपुरवा की प्रधान ने अपने ही गांव के रहने वाले दो सगे भाई समेत तीन लोगों के खिलाफ जालसाजी का केस दर्ज कराया। भरपुरवा की प्रधान स्वायदा खातून का आरोप है कि उसके गांव के रहने वाले नवीयास, यासीन और सादिक फर्जी तरीके से ग्राम सभा की जमीन को अपने नाम करा कर उच्च कीमतों पर बेच देते है। आरोप है कि गड़सरापार गांव की एक दलित महिला की जमीन बिना किसी सरकारी आदेश के अपने नाम करा लिया।
आरोप है कि भरपुवा गांव में स्थित राजस्व भूलेखों में बंजर खाते में दर्ज जमीन को अपने नाम करा कर गलत तरीके से बेच दिया। भरपुरवा में ही अपनी भूमिधरी की जमीन थी,जिसमें से कुछ जमीन सरयू नहर विभाग में पंजीकृत बैनामा कर दिया है। शेष बची जमीन को फर्जी तरीके से अधिक रकबा बना कर भू राजस्व अभिलेखों में दर्ज करा लिया है। आरोप है कि इस मामले में जानकारी होने पर वह 12 सितंबर को डीएम को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। 13 सितंबर को जांच का आदेश हुआ और उसका मुुकदमा तहसीलदार कोर्ट में विचाराधीन है। आरोप है कि उनके जरिए की गई शिकायत की वजह से विपक्षी उनके पति को जानमाल की धमकी दे रहे है। पति के ऊपर हमला भी हुआ। आरोप है कि यासीन अली के पास लाइसेंसी बंदूक भी है। प्रधान और उनके पति तथा पति के भाई को फर्जी तरीके से मुकदमे में फंसाए जाने की साजिश भी रची जा रही है। पीड़ित प्रधान ने सीएम को भी पत्र भेजा था और पोर्टल पर आईजीआरएस के माध्यम से भी अपनी शिकायत दर्ज कराया था। कोतवाल वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि प्रधान स्वायदा खातून की तहरीर के आधार पर उसी गांव के रहने वाले नवीयास,सादिक और यासीन के खिलाफ जालसाजी और जानमाल की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है। विवेचना से जो तथ्य सामने आएंगे,उसी के अनुुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।