संतकबीरनगर। एचआर इंटर कॉलेज खलीलाबाद में शनिवार को डिग्री कॉलेज के प्राचार्य व इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्यों की बैठक डीआईओएस शिव कुमार ओझा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पूर्व दशम और दशमोत्तर कक्षाओं से छात्र वृत्ति के कम आवेदन आने पर चिंता जताई गई। बैठक में मौजूद लोगों से छात्रों की जानकारी लेकर अधिक से अधिक संख्या में छात्र वृत्ति के आवेदन कराए जाने पर जोर दिया गया।
डीआईओएस शिव कुमार ओझा ने बताया कि पूर्व दशम कक्षा नौ और 10वीं के छात्र छात्राएं और दशमोत्तर, जिसमें कक्षा 11 से लेकर डिग्री कॉलेज के छात्र-छात्राएं शामिल हैैैैं। उनको छात्र वृत्ति दिया जाना है। छात्र वृत्ति के लिए आवेदन आनलाइन करना है। बेवसाइट से पता चला है कि जनपद से छात्र वृत्ति के लिए काफी कम आवेदन हुए हैं, जो चिंता का विषय है। शासन का स्पष्ट निर्देश है कि अधिक से अधिक संख्या में छात्र वृत्ति का आवेदन होना चाहिए। कहा कि पूर्व दशम के छात्रों को आनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 28 सितंबर है, जबकि दशमोत्तर छात्र छात्राओं के आवेदन की तिथि 15 अक्टूबर है।
बताया कि प्रधानाचार्यों से कहा गया है कि कक्षा वार छात्रों की जानकारी हासिल करें कि कितने छात्रों ने आनलाइन आवेदन किया। अभी तक आवेदन नहीं कर पाए छात्रों से आवेदन करा लिया जाय, जिससे की छात्रों की संख्या बढ़ सके। इस दौरान माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष हरिबख्श सिंह, प्रधानाचार्य राम कुमार सिंह, आशा यादव, अरूधंती, गिरजेश राय, मानवेंद्र सिंह, राजेेश सिंह, राकेश सिंह, राजदेव तिवारी, राजेश वर्मा, जय प्रकाश आदि लोग मौजूद रहे।