संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ वित्त विहीन गुट की बैठक शनिवार को गन्ना विकास उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जिलाध्यक्ष समय देव पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष लाल बिहारी यादव मौजूद रहे। इस दौरान संगठन की मजबूती, सदस्यता अभियान तथा दो अक्टूबर को सत्याग्रह आंदोलन के तहत जेल भरो कार्यक्रम को सफल बनाने की चर्चा हुई।
प्रदेश अध्यक्ष लाल बिहारी यादव ने कहा कि दो अक्टूबर को प्रदेश के सभी जिलों में सत्याग्रह आंदोलन करके वित्त विहीन शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मी जेल भरने का कार्य करेंगे तथा प्रदेश सरकार को अपनी ताकत का एहसास कराएंगे। मानदेय प्राप्ति के लिए निर्णायक संघर्ष होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की वर्तमान योगी सरकार विशेष प्रोत्साहन मानदेय को भी बंद कर दिया और अभी तक मानदेय प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के बारे में कोई फैसला नहीं किया। इसलिए प्रदेश का वित्त विहीन शिक्षक एवं कर्मचारी आक्रोशित एवं आंदोलित है। कहा कि आंदोलन ही हमारे उपलब्धियों का आधार बनेगा और जिस दिन प्रदेश का शत-प्रतिशत शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी आंदोलन के लिए सड़कों पर आ जाएगा। उस दिन सरकार हमारी अनदेखी नहीं कर सकती। इसलिए हमें संघर्ष के लिए संकल्पित होने की आवश्यकता है। सदस्यता अभियान की समीक्षा की और कहा कि संगठन की सदस्य संख्या ही उसकी शक्ति का परिचायक होती है। इसलिए जिले के 195 वित्त विहीन विद्यालयों के शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को हर स्थिति में सदस्य बनाकर संगठन की मजबूती को आगे बढ़ाने की जरूरत है। जिलाध्यक्ष समय देव पांडेय ने कहा कि दो अक्टूबर का सत्याग्रह आंदोलन प्रदेश में इतिहास रचेगा। इस अवसर पर लालचंद यादव, राजाराजन सिहं, हरिनारायण उपाध्याय, अमर राय, मलय कुमार पांडेय, बाबूलाल यादव, अनिल सिंह, राममिलन यादव, गंगा प्रसाद दुुबे, गोपाल जी यादव, गणेश चौरसिया, इंद्रसेन राय, त्रियुगीनाथ पांडेय, कुलदीप श्रीवास्तव समेत अन्य शिक्षक मौजूद रहे।