रात्रिकालीन विद्युत कटौती नहीं करने का फरमान फेल
फोटो
परीक्षा की तैयारियों में विद्यार्थियों को आ रही बाधा
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। शासन का फरमान है कि ग्रामीण क्षेत्रों में परीक्षा के दौरान रात्रिकालीन कटौती नहीं होगी, लेकिन यहां इस आदेश का कोई असर नहीं है। शाम होते ही गुल हो रही बिजली से बोर्ड और विश्वविद्यालयीय परीक्षा की तैयारी में लगे विद्यार्थियों को दिक्कत हो रही है।
प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने चंद दिनों पहले एलान किया था कि बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रिकालीन विद्युत कटौती नहीं होगी। इसके लिए उन्होंने शाम छह से सुबह छह बजे तक का समय निर्धारित करने की बात कही थी, लेकिन जिले में इसका अनुपालन नहीं हो रहा है। स्थिति यह है कि शाम छह बजते ही बिजली गुल हो जा रही है। विद्यार्थियों को मजबूरी में दूसरे उपायों का सहारा लेना पड़ रहा है। दिन में भी कई बार बिजली गुल हो रही है। इसके पीछे लोकल फाल्ट बताया जा रहा है।
बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इसके संचालन के लिए बिजली के अलावा इन्वर्टर और जनरेटर भी लगवाने के निर्देश हैं। बिजली गुल होने पर पूरे परिसर की बिजली आपूर्ति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जनरेटर चलाने की मजबूरी है। जनरेटर के शोर से विद्यार्थियों को दिक्कत होगी। लिहाजा केंद्र व्यवस्थापकों ने अफसरों से पहले ही मांग की थी कि परीक्षा के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित न हो।
बोले परीक्षार्थी--
राहुल गोंड ने बताया कि रात्रि के समय बिजली कई बार कट रही है। इससे परीक्षा की तैयारी करने में दिक्कत होती है। रात्रिकालीन विद्युत कटौती तत्काल बंद होनी चाहिए। मोनू चौरसिया ने कहा कि इस समय परीक्षा चल रही है। ऐसे में तैयारी के लिए बिजली की सख्त जरूरत है, लेकिन शाम को बिजली कट जाती है, जिससे तैयारी में दिक्कत हो रही है। हेमंत चौधरी ने कहा कि आए दिन लोकल फाल्ट के चलते बिजली गुल हो रही है। जर्जर तारों को न बदले जाने से समस्या है, लेकिन विद्युत निगम ध्यान नहीं दे रहा है। मोनू प्रजापति ने कहा कि विद्युत निगम भले ही दावा कर रहा है कि लोगों को भरपूर बिजली मिल रही है, लेकिन ऐसा नहीं है। शाम को बिजली गुल होती है तो कई घंटे बाद आती है। इस पर अंकुश लगना चाहिए।
कर्मचारियों को दिए गए हैं निर्देश
विद्युत निगम के अधिशाषी अभियंता संजय कुमार सिंह ने कहा कि शाम के समय लोड अधिक रहता है, जिसके कारण बिजली कटती है। पूरा प्रयास किया जा रहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि के समय में बिजली न कटे। उन्होंने कहा कि लोकल फाल्ट तत्काल ठीक करने का कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं।