संतकबीरनगर। खलीलाबाद ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने सोमवार को कांग्रेस नेता रोहित पांडेय के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट में डीएम को शपथ पत्र देकर अविश्वास प्रस्ताव दिया। कांग्रेस नेता का दावा है कि 60 क्षेत्र पंचायत सदस्यों का शपथ पत्र डीएम को सौंपा गया है।
रोहित पांडेय के नेतृत्व में क्षेत्र पंचायत सदस्य मनमोहन पांडेय, मधुबाला, महेश, सुमन, पूनम, विपिन तिवारी समेत अन्य सदस्य कलेक्ट्रेट पहुंचे और डीएम को खलीलाबाद ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए शपथ पत्र दिया। रोहित पांडेय ने कहा कि डीएम से मांग की गई है कि अविश्वास प्रस्ताव पारित कराने के लिए तिथि की घोषणा की जाए। क्षेत्र पंचायत सदस्यों के मान सम्मान के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। क्षेत्र पंचायत सदस्यों को उनका हक और अधिकार दिलाया जाएगा। क्षेत्र पंचायत सदस्य चुनाव जीतने के बाद अपने क्षेत्र में कोई भी कार्य नहीं करा पा रहे है। जिससे क्षेत्र पंचायत सदस्यों के समक्ष परेशानी बढ़ गई है। इस दौरान आदित्य प्रताप सिंह, रोहन पांडेय, ब्लॉक प्रमुख सेमरियावां मुमताज अहमद, जाहिद अली खां, भोला चौधरी, जयहिंद, विपिन त्रिपाठी, अनिरूद्घ राय, राकेश, मधुबाला सिंह, राजमति देवी, सुमन, महेश गौड़, राकेश समेत अन्य मौजूद रहे।
डीएम भूपेंद्र एस चौधरी ने बताया कि खलीलाबाद ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ 60 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने शपथ पत्र दिया था। शपथ पत्र परीक्षण के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।