मेंहदावल में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्या सुनते डीएम और एसपी।संवाद
- फोटो : KHALILABAD
129 मामलों में 11 निस्तारित
संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाले मामलों का समय से करें निस्तारण : डीएम
तीनों तहसीलों में किया गया आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जनपद की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान तीनों तहसीलों पर कुल 129 मामलों में 11 का निस्तारण किया गया। मेंहदावल में डीएम और एसपी ने समस्याओं को सुना।
मेंहदावल तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचीं डीएम दिव्या मित्तल ने कहा कि तहसील दिवस में आने वाले शिकायती पत्रों का समय से निस्तारण किया जाए। लापरवाही व हीलाहवाली से कार्य करने वाले अधिकारी दंडित होंगे। शासन की मंशा के अनुरूप कार्य संपादित करने में अधिकारी व कर्मचारी रुचि लें। उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर छोटे मामलों के निस्तारण के लिए तहसील दिवस का आयोजन किया जाता है। शासन की मंशा है कि स्थानीय स्तर पर छोटे-मोटे विवादों का निस्तारण इन दिवसों के माध्यम से त्वरित रूप से कराया जाए। इनमें आने वाले प्रार्थना पत्रों का निस्तारण समय अवधि के अंदर होना चाहिए। इस दौरान कुल 48 मामले आए, जिसमें सात मामलों का निस्तारण किया गया। इस दौरान एसपी डॉक्टर कौस्तुभ, एसडीएम अजय कुमार त्रिपाठी, तहसीलदार निशा श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता विद्युत सरोज कुमार, बीडीओ महावीर सिंह, सीओ अंबरीश भदौरिया, एडीओ पंचायत दीप श्रीवास्तव, एसओ जयवर्धन सिंह, जीतेंद्र कुमार, संतोष कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे। इसी तरह से धनघटा तहसील में सीडीओ श्रीवास्तव ने समस्याओं को सुना। यहां पर कुल 32 मामले आए और एक का भी निस्तारण नहीं हो पाया। इसी तरह से खलीलाबाद तहसील में एडीएम मनोज सिंह ने समस्याओं को सुना। यहां पर कुल 49 मामले आए, जिसमें से चार मामलों का निस्तारण हुआ। यहां पर एसडीएम नवीन श्रीवास्तव, सीओ अंशुमान मिश्र समेत अन्य मौजूद रहे।