संभल। मोहल्ला कोटगर्बी निवासी मोहम्मद असलम की जामा मस्जिद के निकट हार्डवेयर की दुकान है। सोमवार की रात आठ बजे वह दुकान बंद करके घर चले गए। कुछ देर बाद दुकान में चोरी करने घुसे दो चोरों ने रोशनी के लिए कागजों में आग लगा दी। इससे दुकान में आग फैल गई।
रात नौ बजे करीब दुकान से धुआं निकलने राहगीरों ने दुकान स्वामी और दमकल टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दुकान स्वामी ने दुकान खोली तो एक आरोपी पकड़ लिया। जबकि दूसरा आरोपी भागने में कामयाब रहा। गुस्साए लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई की और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मी आरोपी युवक को भीड़ से छुड़ाकर कोतवाली ले गए। दमकल टीम ने पहुंचकर लग रही आग पर काबू पा लिया।
पकड़े गए आरोपी युवक ने बताया कि वह अपने साथी के साथ जामा मस्जिद की सीढ़ियों की ओर से दुकान की छत पर पहुंचे थे। ताला तोड़कर दुकान में घुुसे थे। अंधेरा होने के कारण कागजों में आग लगा दी। इसी दौरान दुकान के अन्य सामान में आग लग गई। कोतवाल पंकज लावानियां का कहना है कि दुकान स्वामी ने चोरी का आरोप लगाते हुए युवक को सुपुर्द किया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।