गवां(संभल)। बहन की शादी के कार्ड बांटने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। बाइक सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना पर घर में छाईं शादी की खुशियां गम के माहौल में बदल गईं।
अलीगढ़ जिले के थाना जवां क्षेत्र के गांव नागोला निवासी राजेश (30) की बहन काजल की शादी 21 फरवरी की है। इस समय परिवार के सभी लोग शादी की अन्य तैयारियों में लगे थे। रविवार को राजेश भी अपने दोस्त सूरज के साथ शादी के कार्ड बांटने के लिए बहजोई के थाना क्षेत्र के गांव अंधपुर में एक रिश्तेदारी में जा रहे थे। रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव न्यौरा के पास किसी अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में राजेश की मौके पर मौत हो गई। जबकि उसका दोस्त सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी और घायल को अस्पताल भिजवाया। पुलिन ने मौके पर पहुंच शव कब्जे में लेकर युवक के परिजनों को सूचना दी। मामले की सूचना पर पहुंचे युवक के भाई बबलू ने बताया उनकी बहन काजल की 21 फरवरी को शादी है। शादी का कार्ड बांटने के लिए रिश्तेदार के घर जा रहे थे। रास्ते में हादसे ने जान ले ली। मृतक की पत्नी नीलम व बहन काजल का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक मेहनत मजदूरी करता था। पुलिस के अनुसार किसी अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मारी है। वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घायल को हायर सेंटर रेफर किया गया है।