बनियाठेर (संभल)। थाना क्षेत्र के गांव बाकरपुर बेहतरी के पास रेलवे ट्रैक पर गुरुवार रात साढ़े आठ बजे पावर इंजन की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की शिनाख्त बदायूं के थाना फैजगंज बेहटा के गांव हबीबपुर निवासी पुष्पेंद्र शर्मा के रूप में हुई है।
गुरुवार रात साढ़े आठ बजे गांव बाकरपुर बेहतरी के पास चंदौसी से बरेली जाने वाले रेलवे ट्रैक पर एक युवक पावर इंजन की चपेट में आ गया। युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वहां आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया।
भीड़ में शामिल सचिन शर्मा ने मृतक की शिनाख्त अपने छोटे भाई पुष्पेंद्र शर्मा (20) निवासी गांव हबीबपुर थाना फैजगंज बेहटा जनपद बदायूं हाल निवासी गांव पथरा चंदौसी कोतवाली के रूप में की। पुष्पेंद्र शर्मा इंटरमीडिएट का छात्र था तथा उसके पिता दिनेश शर्मा आर्मी में बरेली में तैनात है। घटना की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। मां सरोज देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।