जुनावई। थाना क्षेत्र के लहरा नगला श्याम गांव में शुक्रवार रात एक युवक पर जानलेवा हमला कर घर में पथराव करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम लहरा नगला श्याम निवासी सौरभ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 28 अगस्त की रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपने घर के दरवाजे पर खड़ा था। तभी गांव के ही सचिन, ललतेश, धर्मपाल और जगवती पत्नी चंद्रपाल लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर चारों ने हमला कर दिया।
आरोप है कि सचिन ने उसके सिर पर गड़ासे से वार कर दिया, जिससे उसके माथे और आंख के पास गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर परिवार वाले और पड़ोसी दौड़े और उसे बचाया। इसके बाद आरोपियों ने उसके घर पर ईंट-पत्थर बरसाए, जिससे घर को भी नुकसान पहुंचा। थानाध्यक्ष धीरज सिंह ने बताया कि सचिन, ललतेश, धर्मपाल और महिला जगवती सहित चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।