संभल। कोतवाली पुलिस ने संभल-चंदौसी बाईपास पर सोमवार की सुबह चेकिंग के दौरान एक वाहन चोर को गिरफ्तार कर लिया। चोर के कब्जे से चोरी की बाइक बरामद हुई है। जबकि दूसरा साथी पुलिस को देखकर मौके से भाग गया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को जेल भेज दिया।
कोतवाली पुलिस सोमवार की सुबह करीब आठ बजे कोतवाली क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रही थी, तभी पुलिस को सूचना मिली कि वाहन चोर संभल-चंदौसी मार्ग पर मौजूद है। सूचना पर पुलिस ने संभल-चंदौसी बाईपास पर चेकिंग शुरू की। इस दौरान एक वाहन चोर को गिरफ्तार कर लिया। उसका साथी पुलिस को चकमा देकर भाग गया। पूछताछ करने पर वाहन चोर ने अपना नाम उस्मान निवासी मुकर्रबपुर थाना हजरतगढ़ी बताया। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से चोरी की एक बाइक बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि गाजियाबाद से बाइक चोरी की गई थी। भागा हुआ आरोपी कई मामलों में भी वांछित है। जिसकी तलाश की जा रही है।