गुन्नौर। कस्बे में थाने से करीब 400 मीटर की दूरी पर ब्लाक कार्यालय के सामने बाइक से जा रहे मजदूर को रोककर गांव के दो युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। परिजनों ने गांव के ही दो सगे भाइयों पर हत्या का आरोप लगाया है। हत्या का कारण दो साल पहले आपसी विवाद में हुई गांव के ही युवक संजू की मौत को बताया जा रहा है। एसपी ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। पुलिस जांच में जुट गई है।
गुन्नौर थाना क्षेत्र के गांव जाफरपुर निवासी चंद्रकेश (24) हरियाणा में मजदूरी करता था। बड़े भाई की पत्नी के बेटी पैदा होने पर छह दिन पहले घर आया था। रविवार को वह बाइक से गांव मेहुआ हसनगंज अपनी ननिहाल गया था। शाम करीब साढ़े छह बजे गुन्नौर में साप्ताहिक बाजार करके घर जा रहा था। थाने से करीब 400 मीटर दूर ब्लाक कार्यालय के सामने पहले से ही खड़े गांव के ही दो युवकों ने उसे रोक लिया। बिना कुछ कहे सीने में दाहिने तरफ गोली मार दी और फरार हो गए। गोली लगने से वहां हड़कंप मच गया। आनन फानन में मौके पर पहुंची पुलिस युवक को लेकर सीएचसी पहुंची। जांचोपरांत वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिजन भी आ गए और कोहराम मच गया। मृतक के बड़े भाई महेश ने गांव के ही दो सगे भाइयों पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर एसपी चक्रेश मिश्र, एएसपी आलोक जायसवाल, सीओ देवेंद्र कुमार शर्मा भी मौके पर पहुंच गए। एसपी चक्रेश मिश्र ने जांच के आदेश दिए हैं।
----
गुन्नौर में बाइक पर जा रहे युवक की गोली मारकर हत्या हुई है। हत्यारोपी गांव के ही बताए जा रहे हैं। परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
चक्रेश मिश्र, एसपी संभल।