संभल। जिला उपभोक्ता आयोग ने महिला के ऑपरेशन में लापरवाही की दोषी चंदौसी की एक महिला चिकित्सक पर 9 लाख 25 हजार का जुर्माना लगाया है। साथ ही, पांच हजार रुपये वाद व्यय के भी अदा करने के आदेश दिए हैं।
दरअसल, चंदौसी के मोहल्ला हाथी खाना निवासी भावना पत्नी गौरव गुप्ता गर्भवती थी। उन्हें 11 फरवरी 2025 की शाम चार बजे प्रसव पीड़ा हुई। इस पर उन्हें शहर के मुंसिफ रोड स्थित मदर एंडचाइल्ड हेल्थ केयर सेंटर में भर्ती कराया गया। हॉस्पिटल की चिकित्सक स्मृता बंसल ने देखकर बताया कि सामान्य डिलीवरी हो जाएगी। उसके पति को चिकित्सा खर्च के लिए 50 हजार रुपये बताए गए, जो अदा कर दिए गए। इसके बाद 12 फरवरी को चिकित्सक ने बताया कि सामान्य डिलीवरी संभव नहीं है। ऑपरेशन ही करना होगा और 12 फरवरी की शाम 4 बजे सर्जरी के बाद महिला ने पुत्र को जन्म दिया लेकिन सर्जरी के बाद महिला के पेट में दर्द बढ़ गया और उसे बेचैनी महसूस होने लगी। चिकित्सक से शिकायत करने उसे बताया गया कि ऑपरेशन के बाद 12 घंटे तक दर्द की संभावना रहती है लेकिन महिला के पेट पर सूजन बढ़ गई। दर्द बढ़ गया, उसे घबराहट होने लगी। चिकित्सक से शिकायत की गई लेकिन डॉक्टर ने कोई सुनवाई नहीं की। आरोप है महिला व उसके परिजनों से अभद्रता की गई। महिला की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए उसके परिजनों ने 14 फरवरी 2025 को मुरादाबाद के एशियन विवेकानंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां उसकी पुनः सर्जरी हुई। चिकित्सकों ने बताया कि 12 फरवरी को की गई सर्जरी के दौरान महिला की आंत को काट दिया था, उसकी आंत में तीन सेंटीमीटर का कट लगा था। चिकित्सक को उक्त घटनाक्रम से अवगत कराकर चिकित्सा पर हुए व्यय 4 लाख 25 रुपये की मांग की गई लेकिन चिकित्सक ने धनराशि अदा नहीं की। जिस पर महिला ने अधिवक्ता पारस वार्ष्णेय के माध्यम से जिला उपभोक्ता आयोग में परिवाद योजित किया। चिकित्सक की ओर से लापरवाही से इन्कार किया गया, लेकिन जिला आयोग ने एशियन विवेकानंद हॉस्पिटल मुरादाबाद की डिस्चार्ज समरी को आधार मानकर महिला चिकित्सक को सेवाओं में कमी और लापरवाही का दोषी माना। महिला चिकित्सक स्मिता बंसल को आदेश दिया कि वह चिकित्सा पर हुई व्यय राशि चार लाख 25 हजार रुपये सात प्रतिशत ब्याज और पांच हजार वाद व्यय के साथ वादनी को अदा करने के आदेश दिए। साथ ही, उनकी बीमा कंपनी आईसीआईसी लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस को आदेश दिया कि वह 5 लाख रुपये बतौर क्षतिपूर्ति महिला को अदा करें।