जुनवाई। थाना क्षेत्र के गांव हकीमपुर निवासी विवाहिता चंद्रकली उर्फ शारदा (24) का शव घर में चारपाई पर पड़ा मिला। ससुराल वाले मौके से गायब हो गए। मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बदायूं जनपद के जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव अफजल बिधौती निवासी शोभरन सिंह ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी बेटी चंद्रकली की शादी करीब छह वर्ष पहले जुनावई थाना क्षेत्र के गांव हकीमपुर के रहने वाले कुमारपाल सिंह के साथ की थी। पिता ने बताया कि रविवार की सुबह गांव के एक व्यक्ति का फोन आया। बताया कि उनकी बेटी की मौत हो चुकी है। वह परिजनों के साथ बेटी की ससुराल पहुंचे थे। उनकी बेटी शारदा का शव चारपाई पर पड़ा था।
गले में निशान बना था और साड़ी का फंदा बना हुआ टंगा था। ससुराल वाले मौके से गायब थे। मायके वालों की तहरीर पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर पहुंची फाॅरेंसिक टीम ने जांच कर साक्ष्य जुटाए। मृतका के पिता शोभरन सिंह ने बताया कि आरोपी दहेज के लिए उनकी बेटी के साथ मारपीट करते थे। इस मामले में पांच जून को मुख्यमंत्री पोर्टल, एसपी बदायूं, एसपी संभल से रजिस्ट्री के माध्यम से शिकायत भी की गई थी।