कुढफतेहगढ़। थाना क्षेत्र के गांव काजीवाला में जन्मदिन कार्यक्रम से घर लौट रही महिला को अज्ञात वाहन ने बिलारी-आसफपुर मार्ग पर टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर घायल हो गई। परिजन महिला को उपचार के लिए मुरादाबाद ले गए। जहां शनिवार की सुबह महिला की मौत हो गई। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
गांव काजीवाला निवासी बुद्धपाल की पत्नी अमलेश शुक्रवार की शाम गांव में ही रिश्तेदार के यहां जन्मदिन कार्यक्रम में गई थीं। शाम करीब साढ़े छह बजे कार्यक्रम से वह घर आ रही थीं। गांव में बिलारी-आसफपुर मार्ग पर पहुंची तभी किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद महिला सड़क किनारे घायल होकर गिर पड़ीं। शाम करीब सात बजे ग्रामीणों ने महिला को सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े देखा तो परिजनों को सूचना दी।
बुद्धपाल अन्य ग्रामीणों की मदद से पत्नी को चंदौसी में निजी नर्सिंगहोम लेकर पहुंचा। यहां महिला की हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने महिला को मुरादाबाद रेफर कर दिया। पति घायल को मुरादाबाद के निजी अस्पताल लेकर पहुंचा। शनिवार की सुबह महिला की हालत में सुधार नहीं होने पर बुद्धपाल पत्नी को ऋषिकेश ले जाने की तैयारी कर रहा था। तभी उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। बुद्धपाल ने बिना किसी पुलिस कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।