आबादी से शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर बुधवार को सुबह 10 बजे चंदौसी के मोहल्ला मारवाड़ी में महिलाओं ने बवाल कर दिया। महिलाओं का रुख देख पुरुष भी साथ हो लिए थे। इस दरम्यान महिलाओं के मोर्चे को देख साथ रहे युवकों ने शराब की दुकान में तोड़फोड़ कर डाली। सामान में आग लगा दी गई। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची।
पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो भीड़ ने महिलाओं को आगे कर पथराव कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया। पथराव के बाद पुलिस ने भीड़ को लाठियां फटकार कर खदेड़ा। सीओ सुरेश बाबू यादव मौके पर पहुंचे। जमकर बवाल हुआ।करीब सवा दो घंटे के बाद स्थिति सामान्य हुई।
बनियाखेड़ा गांव में भी हंगामा, तोड़फोड़
थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव बनियाखेड़ा में शराब की दुकान को हटाने की मांग को लेकर महिलाएं आक्रोशित हो गईं। महिलाओं ने शराब की दुकान पर धावा बोल दिया। दुकान के बाहर रखे सामान को तोड़फोड़ कर आग लगा दी। नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। सामाजिक बुराई बताते हुए शराब की दुकान को गांव से हटाने की मांग की है।
किसान संघर्ष समिति ने भी जताया रोष
हाईवे से पांच सौ मीटर दूर शराब की दुकानों को हटाने के सुप्रीम कोर्ट के फरमान के बाद खलबली मच गई है। हाईवे किनारे स्थित दुकानों को हटाया जा रहा है तो नजदीक गांव के निकट स्थापित किया जा रहा है।
ऐसे में गांव में पहले से ही मौजूद दुकान के बाद दूसरी दुकान और स्थापित हो जाने से आक्रोश गहरा रहा है। किसान संघर्ष समिति ने शराब की दुकान को हटाने की मांग की है। नव्या ठाकुर, रामेश्वर दयाल शर्मा, बलवंत सिंह, रामभरोस मौर्य, मीरा देवी यादव, अजय सिंह राघव, पूरनलाल रहे।