शराब की दुकानों के खिलाफ महिलाओं ने मोर्चा संभाल लिया है। जगह-जगह प्रदर्शन कर रही हैं और शराब की दुकानें बंद करने तक कुछ सुनने को तैयार नहीं हैं। इसीको लेकर पिछले दिन संभल में कई गांवों के लोगों ने पंचायत की थी तो चंदौसी में महिलाओं ने शराब की दुकानों में तोड़फोड़ की थी।
अब आज संभल के हल्लू सराय स्थित शराब की दुकान को बंद कराने के लिए महिलाओं ने दुकान के ताले तोड़ डाले, एक घंटे तक महिलाएं शराब की दुकान पर उत्पात मचाती रहीं। बार में भी महिलाओं ने ताला डाल दिया। महिलाओं के तेवर देख सेल्समैन मौके से भाग गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने महिलाओं को समझा बुझाकर शांत किया। महिलाओं ने सात दिन के अंदर शराब की दुकान बंद न होने पर आमरण अनशन करने की चेतावनी दी है।
नगर के मोहल्ला हल्लू सराय स्थित बहजोई मार्ग पर देशी शराब की दुकान और बार चल रहा है। कोर्ट के आदेश के आने के बाद भी अभी तक न तो बार ही बंद हुआ न ही देशी शराब की दुकान बंद हुई है। इस पर मंगलवार को हल्लू सराय और बरेली सराय की महिलाएं एकत्र होकर हाथों में डंडे लेकर देशी शराब की दुकान पर पहुंच गईं।
महिलाओं को आता देख देशी की दुकान का सेल्समैन और बार का मैनेजर गेट पर ताला जड़ कर भाग गए। महिलाओं ने मौके पर पहुंचकर बार में अपना ताला डाल दिया और देशी शराब की दुकान के ताले तोड़कर अंदर पहुंच गईं।
महिलाओं ने दुकान के अंदर जमकर तोड़फोड़ करी, जो सामान मिला उसमें ही डंडे मारकर तोड़ दिया गया। एक घंटे तक महिलाओं ने देशी शराब की दुकान पर उत्पात मचाया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह महिलाओं को समझा बुझाकर शांत किया।