चंदौसी निवासी संदिग्ध आतंकी मोहम्मद नावेद सिद्दीकी, संभल के पंजू सराय निवासी मोहम्मद नोमान और दीपा सराय निवासी मोहम्मद नाजिम अन्य युवकों को आईएसआईएस से जोड़ने का काम कर रहे थे। एटीएस की जांच में तीनों के आतंकी संगठन के संपर्क में होने की बात सामने आई है। बीते रविवार को एटीएस ने संभल के पंजू सराय निवासी मोहम्मद नोमान, दीपा सराय निवासी मोहम्मद नाजिम और चंदौसी के जाट कॉलोनी निवासी मोहम्मद नावेद सिद्दीकी और एक अन्य युवक को हिरासत में लिया था।
सूत्र बताते हैं कि एटीएस की जांच में सामने आया है कि नोमान, नाजिम और नावेद आईएसआईएस आतंकी संगठन के लिए युवाओं को जोड़ने का काम कर रहे थे। इसके बाद इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। संभल के दीपा सराय निवासी नाजिम के मोहल्ले वाले लोगों का कहना है कि वह अक्सर फोन में ही व्यस्त दिखाई देता था और लोगों से कम बात करता था। यही पंजू सराय के लोगों ने मोहम्मद नोमान के बारे में बताया कि वह लोगों से कम बात करता था। अक्सर फोन में ही व्यस्त दिखाई देता था।
कुछ ऐसा ही हाल चंदौसी के नावेद का बताया है। अब आतंकी संगठन से जुड़े होने की जानकारी के बाद लोग हैरान हैं। जो युवक इन आरोपियों के संपर्क में रहते थे, उनके परिजन भी परेशान हैं। वहीं दूसरी ओर स्थानीय खुफिया इकाई ने भी छानबीन शुरू कर दी है। खुफिया टीम का मानना है कि इनके संपर्क में काफी युवक रहे होंगे। चर्चा है कि एटीएस ने इनके साथ जिस चौथे युवक को उठाया था, उसे पूछताछ के बाद छोड़ा जा सकता है।
यूपी एटीएस की टीम ने शनिवार को आईएस आतंकी संगठन आईएसआईएस से जुड़े चार और संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आतंकी राकिब इमाम को अलीगढ़ से और नवेद सिद्दकी, नोमान व मो. नाजिम को संभल से गिरफ्तार किया गया है। एटीएस के हत्थे चढ़े चारो आतंकी अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) से बी टेक और बीएससी में स्नातक हैं और आईएसआईएस मॉड्यूल के सक्रिय सदस्य के तौर पर काम कर रहे थे। इनके पास से जेहादी साहित्य समेत कई आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद हुई हैं।