संभल में पुलिस ने बरामद किए हथियार
संभल जिले के हयातनगर थाना पुलिस ने अवैध शस्त्र फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए हिस्ट्रीशीटर नेत्रपाल उर्फ मित्रपाल उर्फ छपका निवासी बिचपुरी और गफ्फार उर्फ मुन्ना निवासी मोहल्ला नरोत्तम सराय को गिरफ्तार कर लिया है। उप निरीक्षक रविंद्र कुमार ने टीम के साथ धतरा गांव में बंद पड़े ईंट भट्ठे के निकट छापा मारा था।
पुलिस को यहां पर दोनों आरोपी तमंचे बनाते हुए मिले। उनके पास से पांच देशी तमंचे 315 बोर, एक अधबनी पिस्टल 32 बोर, तीन कारतूस 315 बोर और सात कारतूस 12 बोर, एक अधबने देसी बंदूक और शस्त्र बनाने के उपकरण मिले।
थाने में एएसपी श्रीश्चंद्र ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि नेत्रपाल उर्फ मित्रपाल उर्फ छपका हिस्ट्रीशीटर है और विभिन्न थानों में मुकदमें दर्ज हैं। गैंगस्टर की कार्रवाई भी हो चुकी हैं। पहले भी अवैध तमंचों के निर्माण में जेल जा चुका है।