कांग्रेस पिछड़ी जाति के लोगों को मिलने वाला आरक्षण मुसलमानों को देना चाहती है। जातिगत जनगणना के आधार पर समूह बनाए जाएंगे। उसके बाद समूहों को लड़ाया जाएगा। जब जातिगत समूह लड़ेंगे तो आरक्षण मुसलमानों को दे दिया जाएगा। यह कहना है उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि भाजपा जो कहती है वह करके दिखाती है। मोदी और योगी की गारंटी इस बात का सबूत है। कांग्रेस और सपा परिवारवादी पार्टियां हैं। वह केवल वोट के लिए सारी चीजों का उपयोग करती हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में सीमाएं सुरक्षित हुई हैं।
पहले की सरकार में पाकिस्तान धमाके करवाता रहता था। पहले हमारे सैनिकों के सिर काट के ले जाते थे। जब से 56 इंच के सीने वाले नरेंद्र मोदी ने सरकार संभाली है तब से घर में घुसकर मारा है। कहा कि जब से भाजपा सरकार सत्ता में आई तब से सीमा में शांति छाई हुई है। गुंडों को ठिकाने लगाकर दोनों प्रदेशों में रामराज ला रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जहां क्षेत्र के मंदिरों और धार्मिक मान्यताओं का जिक्र करके संभलवासियों के दिल के तार घनघनाए, वहीं मथुरा-वृंदावन के विकास की कार्ययोजना बताकर भी धार्मिक एजेंडे को धार दी। शुक्रवार को जनसभा करने साथ योगी आदित्यनाथ ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ कैलादेवी धाम में पहुंचकर मां कैलादेवी के दर्शन किए।
करीब 25 मिनट तक वह मंदिर में रहे। दोनों मुख्यमंत्री ने कहा मां की कृपा क्षेत्र में बरस रही है। मंदिर में पूजन के अलावा योगी ने संबोधन में भी उन्होंने मां के इस धाम का जिक्र किया। कहा कि यह धाम बड़ी आस्था का केंद्र है। माता के मंदिर का जीर्णोद्धार काफी हो गया है। आगे भी कराया जाएगा।
संभल में ही भगवान कल्कि का अवतार होना है। इसलिए संभल का अपना महत्व है। नए भारत में नया उत्तर प्रदेश और इसमें नए संभल की भी पहचान होनी चाहिए। कहा कि संभल में तैयार हो रहे गंगा एक्सप्रेसवे से यहां का बेहतर विकास होगा। मेडिकल कॉलेज समेत सभी सुविधाएं लोगों के लिए दी जा रही हैं।
सीएम ने मथुरा-वृंदावन की भी चर्चा की। कहा कि कृष्ण कन्हैया के मथुरा-वृंदावन के लिए भी एक बड़ी कार्ययोजना आगे बढ़ गई है। सवालिया लहजे में कहा कि मथुरा-वृंदावन की जिस कार्ययोजना को आगे लेकर हम चल रहे हैं, उसमें समाजवादी पार्टी क्या सहयोग कर पाएगी।