गुन्नौर। पूर्व सपा विधायक के घर से 50 लाख रुपये की नकदी चोरी के मामले में फरार चल रहे दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के घर से पुलिस पहले ही नकदी बरामद कर चुकी है। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
गुन्नौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार आर्य ने बताया कि 15 जुलाई की रात बबराला में पूर्व सपा विधायक रामखिलाड़ी यादव के घर से कमरे व सेफ के ताले तोड़कर 50 लाख रुपये की नकदी से भरा बैग चोरी हो गया था। मामले में दो आरोपी वांछित थे और फरार चल रहे थे। शुक्रवार की रात करीब साढ़े दस बजे पुलिस को सूचना मिली कि दोनों बदमाश नरौरा रोड पर काली मंदिर के पास खड़े हैं।
पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर आरोपियों के पास एक एक तमंचा, दो कारतूस बरामद हुए हैं। पकड़े गए आरोपी जग्गा उर्फ जगपाल निवासी गांव मैढ़ोली, अनेकपाल निवासी दौलतपुर हैं।
दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पकड़ने वाली टीम में गुन्नौर कोतवाल सतीश कुमार आर्य, क्राइम इंस्पेक्टर रविन्द्र राठी, उपनिरीक्षक सत्यपाल सिंह, कांस्टेबल दीपक, सन्नी, ओमकार, अंकित आदि रहे।