संभल। जिले में कोरोना संक्रमण फैलना शुरू हो गया है। 24 घंटे के दौरान ही चार संक्रमित सामने आए हैं। शनिवार को युवती समेत दो लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। अब रविवार को कैलादेवी थाने में तैनात एक महिला पुलिसकर्मी संक्रमित पाई गई है। इसके अलावा पुलिस रिकॉर्ड में वांछित एक मुल्जिम गिरफ्तारी के बाद जांच में कोरोना संक्रमित पाया गया। जिले में इन दो संक्रमितों के मिलने के बाद इस लहर के कुल केसों की संख्या आठ हो गई है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इन आठ में से छह दूसरे जिलों के हैं। जिले में जांच के दौरान उनमें संक्रमण की पुष्टि हुई है।
कैलादेवी थाने में तैनात महिला सिपाही की कई दिनों से तबीयत खराब चल रही थी। कोरोना संक्रमण का अंदेशा होने पर जिला अस्पताल में आरटीपीसीआर की जांच कराई। रविवार को रिपोर्ट में संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। वह मूल रूप से बिजनौर जिले की रहने वाली है। वहीं दूसरी ओर नखासा थाना पुलिस ने गांव कुरकावली निवासी व्यक्ति को एक मामले में वांछित होने के चलते गिरफ्तार किया गया था। मेडिकल परीक्षण के दौरान आरटीपीसीआर की जांच कराई गई। जहां संक्रमण की पुष्टि हुई।
मुलजिम को कैलादेवी कोविड अस्पताल में भर्ती किया गया है। जबकि महिला सिपाही को होम आइसोलेशन में भेजा है। मुल्जिम और पुलिस कर्मी के संक्रमण की जानकारी से पुलिस महकमे की चिंता बढ़ गई है। इनके संपर्क वालों की जांच के प्रयास शुरू किए गए हैं।