आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर थाना क्षेत्र के गांव भकरौली के पास बाइक सवार दो भाइयों को कार चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर घायल हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी भेजा। हादसे के बाद आरोपी चालक कार छोड़कर फरार हो गया।
थाना क्षेत्र के गांव भकरौली निवासी दिनेश कुमार (25) पुत्र रामपाल बृहस्पतिवार को अपने छोटे भाई ललतेश (22) के साथ बाइक पर सवार होकर बबराला गया था। शाम को बबराला से दोनों भाई घर लौट रहे थे। जब बाइक सवार आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर भकरौली के पास पहुंचे तो पीछे आ रही कार चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में बाइक उछलकर दूर जा गिरी और ललतेश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दिनेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए के गुन्नौर सीएचसी में भेजा जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने घायल को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस ने ललतेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने कार व बाइक को कब्जे में लिया है। परिजनों ने बताया कि ललतेश तीन भाइयों में बीच का था। वह अपने पिता के साथ खेती में हाथ बटाता था। उसकी शादी हो चुकी है, लेकिन अभी को बच्चा नहीं है।