संभल। मुरादाबाद रोड पर वाजिदपुरम के नजदीक पशु व्यापारी की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर बाइक सवार तीन लुटेरों ने लूट की घटना को अंजाम दिया है। लुटेरे ढाई लाख रुपये और स्कूटी लूटकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। इसके बाद घटनास्थल पुलिस अधीक्षक भी पहुंचे। घटना की जांच पड़ताल के लिए पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया है। ट
बुधवार की शाम सवा छह बजे हयातनगर थाना क्षेत्र के सरायतरीन अंतर्गत मोहल्ला पीला खदाना निवासी फहद पुत्र शमशाद कोतवाली क्षेत्र के गांव चिमियावली स्थित एक मीट फैक्टरी जा रहे थे। जैसे ही वह मुरादाबाद रोड पर वाजिदपुरम के नजदीक पहुंचे तो बाइक सवार तीन लुटेरों ने फहद की आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया। पशु व्यापारी फहद कुछ समझ पाते उससे पहले ही गोली मारने की धमकी दी। उन्होंने स्कूटी रोकी और भाग गए। इसी दौरान लुटेरे स्कूटी लेकर मौके से फरार हो गए। पशु व्यापारी ने बताया कि उसकी स्कूटी में ढाई लाख रुपये रखे हुए थे। जिन्हें लुटेरे लूटकर मुरादाबाद की ओर फरार हो गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की सूचना आला अधिकारियों को दी गई। मौके पर पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार जायसवाल और सीओ जितेंद्र सिंह पहुंचे।
लूट से पीड़ित पशु व्यापारी के भाई फैजान ने बताया कि उनका भाई मीट फैक्टरी में पशु खरीदने का काम करते हैं। हर दिन की तरह मीट फैक्टरी जा रहा था। रास्ते में बाइक सवार तीन बदमाशों ने मिर्ची पाउडर से हमला किया और बाद में गोली मारने की धमकी दी। बताया कि बाइक सवार लुटेरों में एक आरोपी हेलमेट लगाए हुए था और दो ने नकाब लगा रखा था। पुलिस का दावा है कि लुटेरों की तलाश की जा रही है।
मुरादाबाद रोड पर पशु व्यापारी से लाल मिर्च पाउडर डालकर रोका और स्कूटी लेकर भाग गए। व्यापारी ने बताया है कि स्कूटी में ढाई लाख रुपये रखे हुए थे। इस घटना के खुलासे के लिए एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया है। जल्द खुलासा किया जाएगा।
चक्रेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक, संभल