संभल। शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवार तीन लोगों को बेकाबू ट्रक ने टक्कर मार दी। इसमें तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर मुरादाबाद रेफर कर दिया गया है। वहीं ट्रक को छोड़ चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी जानकारी की है।
सोमवार की रात करीब दस बजे थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के गांव रजाकपुर निवासी रतन (25) पुत्र सौदान, गुड्डू (24) पुत्र शेर सिंह और नितिन (22) रामपुर जिले के सैफनी निवासी एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए गए थे। लौटते समय जैसे ही चंदौसी रोड स्थित एशियन अस्पताल के नजदीक पहुंचे तो सामने से आए ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों लोग घायल हो गए। इन बाइक सवारों के पीछे आ रहे अन्य बरातियों ने हादसा देखा तो ट्रक का घेराव कर लिया।
चालक कूदकर भाग गया। घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया है। पीड़ित परिवारों को कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं दूसरी बाइक सवारों की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। तीनों घायलों के सिर में गंभीर चोट है।