चंदौसी। नरौली की एक महिला को निकाह के ग्यारह साल बाद भी बच्चा नहीं होने पर पति द्वारा तीन तलाक दिए जाने का नया मामला सामने आया है। जिस पर कोतवाली पुलिस ने पति सास ससुर समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मई गांव निवासी भूरी देवी की शादी नरौली के बंजारी कुआ निवासी आस मोहम्मद पुत्र नवाब जान के साथ 11 साल पहले हुई थी। भूरी देवी का आरोप है कि पति व उसके परिजन लगातार उसे बच्चा नहीं होने का ताना देते थे। निकाह के तीन साल बाद ही उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। आस मोहम्मद के परिजन उसका दूसरा निकाह कराने के चक्कर में लग गए।
कई बार उसे मारपीट कर घर से निकाला। लेकिन लोगों ने फैसला करा दिया लेकिन अब एक बार फिर कुछ दिन पहले ही मारपीट कर घर से निकाल दिया। जब से वह मई गांव में अपनी बहन के घर आकर रहने लगी लेकिन 25 अगस्त को ससुराल वाले उसकी बहन के घर आए और उससे कहा कि वह एक 100 गज का प्लाट दिलाए या फिर पांच लाख रुपये मायके वालों से दिलाए, तभी उसे रखूंगा।
जब उसने अपने परिजनों की माली हालत कमजोर बताते हुए मना किया तो पति आस मोहम्मद ने उसे तीन बार तलाक कहकह तलाक दे दिया। उसके साथ गाली गलौज करके सभी चले गए। नाते रिश्तेदारों ने उसे काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन ससुराल वाले नहीं माने। भूरी देवी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने पति आस मोहम्मद, ससुर नवाब जान, सास छिद्दो, देवर इमरान, रियाज, फुरकान व ननद फिरदौस के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।