संभल/असमोली/ सिरसी। भारत संचार निगम लिमिटेड की संचार सेवाएं गुरुवार की शाम तीन बजे से शुक्रवार की शाम तीन बजे तक ठप रहीं। मोबाइल फोन, बेसिक फोन काम नहीं कर रहे थे। इंटरनेट पर भी कनेक्टिविटी नहीं मिल सकी। सबसे ज्यादा असर बैंकिंग सेवाओं और सरकारी कामकाज पर पड़ा। प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक की दस शाखाओं में कई घंटे लेनदेन नहीं हो सका। यह शाखाएं बीएसएनएल की कनेक्टिविटी पर निर्भर हैं। निजी कंपनियों की कनेक्टिविटी सही तरीके से काम नहीं कर रही थी। इसके चलते एक दिन में एक करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार का लेनदेन अटक जाने का अनुमान है।
लेनदेन के लिए बैंक की शाखाओं में पहुंचे तमाम ग्राहकों को बैरंग लौटना पड़ा। वहीं जिला सहकारी बैंक में भी ग्राहकों को घंटों कनेस्टिविटी का इंतजार करना पड़ा। कुछ ग्राहकों को शाखा प्रबंधक ने खाता बही देखकर बिना कनेक्टिविटी के ही भुगतान कराए और उनका काम चलाया। साथ ही बीएसएनएल के कार्यालय जाकर कनेक्टिविटी के बारे में पता किया। शाम साढ़े तीन बजे जब कनेक्टिविटी आई तब सेवाएं सुचारू हो सकीं। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और पंजाब नेशनल बैंक शाखाओं में बीएसएनएल का इंटरनेट फेल होने पर दूसरी कनेक्टिविटी का इस्तेमाल किया गया।
ग्राहक सेवाएं तो चल गईं लेकिन स्पीड कम रही क्योंकि इन बैंकों के पास बीएसएनएल की लीज लाइन और निजी कंपनियों के इंटरनेट के कनेक्शन हैं। बीएसएनएल की लीज लाइन ठप थी। बीएसएनएल फोन भी ठप थे।
इसलिए निजी कंपनियों पर ग्राहक सेवाओं का भार बढ़ गया। इसका असर बैंकिंग सेवाओं को झेलना पड़ा। लीज लाइन न काम करने से राजकीय कोषागार में रोजमर्रा का कामकाज प्रभावित हुआ। जिले के सरकारी अधिकारियों के सीयूजी मोबाइल 24 घंटे बंद रहे। बीएसएनएल के उप खंड अधिकारी सागर सिंह ने बताया कि संभल-मुरादाबाद के बीच ओएफसी केबिल कट जाने की वजह से गुरुवार की शाम तीन बजे बीएसएनएल की संचार सेवाएं ठप हो गईं थीं। इसको ठीक होने में चौबीस घंटे लग गए। अब कोई समस्या नहीं है। सेवाएं ठीक हो गईं हैं।
संचार सेवाएं बाधित होने से इन दस शाखाओं पर रहा असर
प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक की अधिकतर शाखाओं में 23 अगस्त से सेवाएं प्रभावित चल रहीं थीं। क्योंकि बैंक का प्रवर्तक बैंक बदला था। सिंडीकेट बैंक के स्थान पर अब प्रथमा बैंक का प्रवर्तक बैंक पंजाब नेशनल बैंक हो गया है।
बैंक का नाम बदल कर प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक किया गया है जबकि पहले नाम सिर्फ प्रथमा बैंक ही था। बैंक में अब लेनदेन के लिए सॉफ्टवेयर में बदलाव किया गया है। इसके चलते 23 अगस्त से कामकाज प्रभावित हो रहा है। इस बीच शुक्रवार को बीएसएनएल की संचार सेवाओं के धोखा देने से बैंक की दस शाखाओं में कामकाज बाधित हो गया। सिरसी, सरायतरीन, अलमोली, चंदौसी, मोहम्मदपुर टांडा, गुमथल, संभल, बहजोई में सुबह दस बजे से तीन बजे तक सेवाएं प्रभावित रहीं। कनेक्टिविटी आने के बाद काम शुरू हो गया।