संभल। संभल शहर में मुख्य मार्ग से लेकर बाजार के रास्ते के किनारे वाहनों की अवैध पार्किंग से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। अकसर जाम के हालात भी बने हैं तो लोग समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंच पाते हैं। फिर भी जिम्मेदार विभाग अवैध पार्किंग पर कार्रवाई करके लोगों को सहूलियत देने के लिए गंभीर नहीं दिख रहे हैं।शहर में कई स्थानों पर वाहनों को अवैध तरीके से खड़ा किया जा रहा है। संभल-बहजोई मार्ग पर यशोदा चौराहे से आगे कई सेल परचेज की दुकानों के आगे बाइकें खड़ी रहती हैं। पास में ही एक निजी अस्पताल के बाहर भी अवैध रूप से पार्किंग बना रखी है। यहां से शुल्क की वसूली भी जाती है। चंदौसी चौराहे से चंदौसी की तरफ बढ़ने पर सेल परचेज की दुकान के आगे कई कारें खड़ी रहती हैं। इसी तरह शंकर कॉलेज चौराहा से मुख्य बाजार की तरफ जाने वाले रास्ते पर पुरानी तहसील रोड पर एक निजी अस्पताल के बाहर बाइकों का जमावड़ा रहता है। मुख्य बाजार के लिए लोग पैदल के अलावा बाइकों से भी निकलते हैं। सड़क के किनारे कई बाइकों के खड़े रहने से लोगों को निकलने में परेशानी होती है।
दिन में कई बार जाम के हालात बनते हैं। अवैध पार्किंग वाले दूसरे स्थानों के आसपास भी जाम का माहौल बन जाता है। इसके चलते आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लोग समय से जरूरी काम नहीं निपटा पाते हैं। ऐसा नहीं है कि जिम्मेदार विभागों को अवैध पार्किंग की जानकारी न हो। फिर भी काफी समय से अवैध पार्किंग को लेकर कार्रवाई नहीं हो सकी है।
000
संभल शहर में अवैध पार्किंग को लेकर कार्रवाई होनी है। कांवड़ यात्रा संपन्न होने के बाद विशेष अभियान चलाकर अवैध पार्किंग पर कार्रवाई कराएंगे।
दुष्यंत कुमार, यातायात प्रभारी